
दमुआ। बालाघाट से इंदौर जा रही यात्रियों से भरी एक बस शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दमुआ के झिरीघाट में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस अनियंत्रित होकर घाटी में टकरा गई। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 09 एटी 0059 बालाघाट से इंदौर जा रही थी। 42 सीटर इस बस में कुल 18 यात्री सवार थे। 31 अक्टूबर की रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच झिरीघाट के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना में छह महिलाएं और नौ पुरुष घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ लाया गया। इनमें से तीन यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया है। शेष घायलों का उपचार दमुआ अस्पताल में जारी है।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में कविता परते (21), मुस्कान बोरकर (24), नम्रता पथिक (25), धर्मेंद्र राहंगडाले (35), ऋषिकेश बिसेन (32), संगीता परते (30), ओम बिसेन (25), हरदीप भाटिया (46), पुनीत जैन (33), पुष्पेंद्र विश्वकर्मा, प्रीति विश्वकर्मा, अन्नु कुमरे (40), विक्रम चंद्रभार (41), पराग चंद्रवंशी (41) और योगेश उइके (35) घायल हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद दमुआ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होना दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। बस में सवार यात्रियों की संख्या, दुर्घटना के कारणों और तकनीकी खराबी की पुलिस जांच कर रही है।
