नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) केंद्र ने असम सरकार के अनुरोध पर गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अगर की लकड़ी की चिप्पियों और अगर के तेल के एक निर्यात केंद्र के रूप में मान्यता दी है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस निर्णय के लिए राज्य सरकार को बधाई देते हुए कहा है कि यह निर्णय अगर के किसानों , प्रसंस्करणकर्ताओं तथा निर्यातकों को एक बड़ी राहत पहुंचाने वाला निर्णय है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘ असम के लिए खुशखबरी! मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अनुरोध पर, मोदी सरकार ने गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अगरवुड चिप्स और अगरवुड तेल के निर्यात केंद्र (एक्सपोर्ट पॉइंट) के रूप में मंजूरी दे दी है।” श्री गोयल ने कहा है कि यह निर्णय इस खास उत्पाद से जुड़े किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों के लिए एक बड़ी राहत पहुंचाने वाला कदम है। असम अगर की लकड़ी और तेल का एक प्रमुख उत्पादक है।
उन्होंने कहा कि यह न केवल असम, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर के लिए लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में एक बहुत बड़ा कदम है, जिससे संभावित बाजार अब और करीब आ गए हैं। श्री गोयल ने इस अवसर पर असम और पूरे पूर्वोत्तर के लोगों को बधाई दी है।

