
रीवा, शहर के चोरहटा थाना अन्तर्गत औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक राइस मिल में करंट लगने से कर्मचारी की मौत हो गई. जिसे रात में संजय गांधी अस्पताल लगाया गया, जहा देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. कर्मचारियों को बचाने के चक्कर में एक अन्य कर्मचारी झुलस गया. मृतक की पहचान बरेली यूपी के रहने वाले फैजल खान के रूप में हुई है.
राइस मिल मालिक का कहना है कि फैजल खान की मौत मिल में काम के दौरान करंट लगने से हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान उसे बचाने की कोशिश में वहां काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी भी बुरी तरह झुलस गया है. लेकिन सवाल यह है कि आखिर मिल के अंदर इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया था. हैरानी की बात यह है कि युवक को हादसे के बाद संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शुरुआत में इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई. संजय गांधी अस्पताल के सीएमओ डॉ. सौरभ गोयल के मुताबिक युवक को गंभीर हालत में बर्न यूनिट में लाया गया था, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
कई सवाल अनुत्तरित, पीएम रिपोर्ट और पुलिस जांच से खुलेगा राज
अब इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं – आखिर राइस मिल में करंट कैसे लगा? सुरक्षा उपकरण क्यों नहीं थे? घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई? क्या प्रबंधन कुछ छिपाने की कोशिश कर रहा था? फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चोरहटा पुलिस की जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी.
