चुरहट (सीधी)। जिले के चुरहट थानांतर्गत अमरपुर बेहड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार वैष्णवी ट्रैवल्स की बस और अल्टो कार में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिल दहला देने वाले सड़क हादसा में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सतना से वैष्णवी ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 19 जेडएन 9392 चुरहट की ओर आ रही थी। वहीं चुरहट तरफ से अल्टो कार क्रमांक एमपी 19 सीओ 0850 जा रही थी। अल्टो में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। जैसे ही दोनों वाहन अमरपुर बेहड़ा मोड़ के पास पहुंचे, बस की तेज रफ्तार के कारण बस और अल्टो में जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद अल्टो कार बस के नीचे फंस गई। कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह से खत्म हो गया। आसपास के लोगों ने दौड़कर बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। बाद में क्रेन की मदद से बस में फंसी कार को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ –
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। अल्टो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। मृतकों में मनोरमा तिवारी पति अनिल तिवारी उम्र 35 वर्ष, सुधीर तिवारी पिता रामनरेश तिवारी उम्र 31 वर्ष, अनिल तिवारी पिता मंगलदीन तिवारी उम्र 30 वर्ष एवं घायल में कुमारी मोइना तिवारी पिता अनिल कुमार तिवारी उम्र 8 वर्ष शामिल हैं। सभी मृतक और घायल निवासी देवरी कला, थाना रामनगर, जिला मैहर के हैं। बताया जा रहा है कि परिवार किसी काम से चुरहट तरफ आ रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घायल बच्ची को तत्काल चुरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पीएम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
मौके पर पहुंचे बड़े पुलिस अधिकारी-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी कमला जोशी, एसडीओपी रवि प्रकाश कौल, थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमरपुर-बेहड़ा मोड़ बना हादसों का ब्लैक स्पॉट-
स्थानीय लोगों के अनुसार अमरपुर बेहड़ा मोड़ हादसों का प्वाइंट बन गया है। यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। मोड़ अंधा है, सड़क पर न तो पर्याप्त साइन बोर्ड हैं, न ही स्पीड ब्रेकर। बसों और ट्रकों की तेज रफ्तार के कारण यहां हर बार कोई न कोई हादसा हो जाता है। लोगों ने कई बार इस मोड़ को सुधारने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पुलिस की निगरानी नहीं बढ़ाई गई, तो ऐसे हादसे फिर होते रहेंगे।
परिजनों में कोहराम, गांव में मातम-
हादसे की खबर मिलते ही देवरी कला गांव में मातम छा गया। परिजन और रिश्तेदार चुरहट स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। स्वास्थ्य केंद्र में भी लोगों की भीड़ लग गई। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध था। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। चुरहट पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
