इंदौर: आईडीए की संपदा शाखा में अब लीज नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा. 1 जनवरी से उक्त व्यवस्था लागू की जा रही है. इसके बाद आईडीए द्वारा संपदा शाखा में फ्री होल्ड, नामांतरण जैसी व्यवस्था शुरू होगी. खास बात यह है कि ऑनलाइन व्यवस्था के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की आईडी भी बन गई है.आईडीए सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े ने इंदौर पदभार ग्रहण करते ही संपदा शाखा की शिकायत के बाद संपत्तियों की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन करने की योजना बनाई थी.
सीईओ डॉ. झाड़े ने तीन महीने का समय बताया था और जनवरी से उक्त व्यवस्था शुरू करने का लक्ष्य तय किया था. आईडीए में 1 जनवरी से संपदा शाखा में संपत्तियों की लीज नवीनीकरण कार्य ऑनलाइन होगा. इसके तहत आवेदक को ऑनलाइन ही संपत्ति की फाइल कहां, किसके पास, कब और क्या स्थिति में है? उक्त जानकारी कंप्यूटर पर ही देख सकते है.
संपदा शाखा के संपदा अधिकारी, सहायक संपदा अधिकारी, सभी बाबुओं की व्यक्तिगत आईडी बनाई गई है. फाइल को आगे बढ़ाने और कमियों को पूरा करने की जानकारी भी आवेदक को मिल जाएगी. आईडीए द्वारा अभी लीज नवीनीकरण के आवेदन लिए जाएंगे, लेकिन एक माह बाद लीज फ्री होल्ड, नामांतरण, एनओसी सहित विभिन्न विभागों की भी ऑनलाइन व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी. सीईओ डॉ. झाड़े की पहल पर संपदा शाखा की शिकायतों में कमी आएगी. साथ ही आवेदकों और संपत्ति धारकों को चक्कर खाने से भी निजात मिलेगी. ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से सम्पूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता नजर आएगी.
अन्य प्रक्रिया भी ऑनलाइन शुरू करेंगे
आईडीए सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े ने बताया कि 1 जनवरी से अभी लीज नवीनीकरण ऑनलाइन कर रहे है. आने वाले कुछ दिनों में फ्री होल्ड, नामांतरण एनओसी के साथ अन्य प्रक्रिया भी ऑनलाइन शुरू कर देंगे.
जियो टैग से होगी संपत्तियों की रिपोर्ट
आईडीए द्वारा संपदा शाखा में लीज नवीनीकरण ऑनलाइन प्रक्रिया में जियो टैग से संपत्ति की जांच होगी. जियो टैग योजना के साइट इंजीनियर उपयोग करेंगे और संपत्ति को मौका रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे. इसके बाद फाइल आगे प्रोसेस होगी
