सीएम यूथ कॉन्क्लेव 2026: 20 हजार युवाओं से संवाद कर आकांक्षाओं को अवसरों से जोड़ेंगे सीएम डॉ यादव

भोपाल। प्रदेश की युवा शक्ति की प्रतिभा, आकांक्षाओं और नवाचार को नई संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड मैदान में किया जाएगा। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान में कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा युवाओं की सुविधा और कार्यक्रम की सुव्यवस्थित संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन एवं आयुक्त, उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

कॉन्क्लेव में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान तथा उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष फोकस रहेगा। विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और नवोदित उद्यमों की सहभागिता से युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार की बदलती आवश्यकताओं और उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी मिलेगी।

17 विभागों और विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता

आयोजन में 17 शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उच्च शिक्षा, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष तथा पुलिस एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों से युवाओं को परिचित कराएंगे। मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर एवं सेडमैप द्वारा स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से संबंधित गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी।

80 से अधिक प्रदर्शनी कक्षों में दिखेगी संभावनाओं की तस्वीर

कॉन्क्लेव में विभागों, संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और नवोदित उद्यमों के 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें रोजगार, प्रशिक्षण, कॅरियर, उद्यमिता, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और शासकीय योजनाओं से संबंधित गतिविधियां प्रदर्शित की जाएंगी। विश्वविद्यालयों द्वारा शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, कॅरियर मार्गदर्शन और ड्रोन प्रौद्योगिकी सहित भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता तक

मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर के माध्यम से विभिन्न नवोदित उद्यम अपने उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। युवा इन नवाचारों के माध्यम से नए विचारों को उत्पाद एवं उद्यम में बदलने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे। इससे उन्हें स्वयं का उद्यम स्थापित करने और नए विचारों पर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

उभरती प्रौद्योगिकियों पर रहेगा विशेष जोर

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन प्रौद्योगिकी, अर्धचालक प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत वाहन (EV) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां कॉन्क्लेव के प्रमुख विषयों में शामिल होंगी। इन क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार की संभावनाओं से युवाओं को परिचित कराया जाएगा।

कॅरियर से साइबर सुरक्षा तक विविध विषयों पर मार्गदर्शन

आयोजन में कॅरियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागों द्वारा जानकारी दी जाएगी। पुलिस विभाग के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग, जन-सुरक्षा एवं युवा संवाद से जुड़े विषयों पर जागरूकता गतिविधियां भी होंगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी उत्साह युवा शक्ति के इस महोत्सव में संवाद और मार्गदर्शन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के कबीर कैफे की सुरमयी प्रस्तुतियां कार्यक्रम में जोश, उमंग और उत्साह का संचार करेंगी।

समर्थ युवा, सशक्त भारत

सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 युवाओं को संवाद, मार्गदर्शन और संभावनाओं से जोड़ने की व्यापक पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ 20 हजार युवाओं का संवाद और 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्षों में प्रदर्शित गतिविधियां उन्हें बदलते समय की आवश्यकताओं, कौशल और कॅरियर की नई दिशाओं से परिचित कराएंगी। युवा शक्ति की प्रतिभा, विचार और ऊर्जा को सही दिशा और अवसर प्रदान कर विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण को गति देना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।

Next Post

पुराना बस स्टैण्ड बंद होने पर गरमाई सियासत

Sun Oct 4 , 2026
सीधी। पुराना बस स्टैण्ड बंद होने पर सियासत गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी सीधी अध्यक्ष ने बस स्टैण्ड के फुटकर दुकानदारों के समर्थन में व्यापारियों से आगे आने की अपील की है। शहर के पुराने बस स्टैण्ड से बसों का संचालन बंद कर सभी बसों को नए बस स्टैण्ड […]

You May Like