आदिनाथ निर्वाण महोत्सव में दर्दनाक हादसे पर ग्वालियर का जैन समाज दुखी, कहा : मदद के लिए समाज आगे आए

ग्वालियर। ग्वालियर सकल जैन महापंचायत के अध्यक्ष पारस जैन एवं ग्वालियर जैन समाज के मीडिया प्रभारी ललित जैन ने आज बागपत के बड़ौत कस्बे में भगवान आदिनाथ के निर्वाण महोत्सव के दौरान हुए अत्यंत दुखद हादसे पर गहन शोक व्यक्त करते हुए सभी दिवंगतों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि देते हुए घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रभु से कामना की है।

उन्होंने कहा कि यह हदयविदारक दुर्घटना इस तरह के भीड़ भरे धार्मिक आयोजनों में कहीं न कहीं सुरक्षा प्रबंधों के प्रति हमारी बड़ी चूक या उदासीनता की ओर संकेत करती है। भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसे न हों, इसके लिए आवश्यक है कि धार्मिक कार्यक्रमो में क्राउड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि अभिषेक मंच टूटने जैसे हादसे न हों। यह कार्यक्रम आयोजकों का भी महत्वपूर्ण दायित्व बनता है कि भीड़ के सापेक्ष सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए जाएं और आज घटित भयावह हादसे की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो। ग्वालियर जैन समाज के दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के तथ्य व कारण स्पष्ट हैं, यह अतिउत्साह और मानवीय भूल का कुपरिणाम है। बड़ौत में भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर 65 फुट ऊंचा मंच सजाया गया था जो श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से भरभराकर गिरा है। धार्मिक उत्सवों में ऐसे ऊंचे विशाल मंच बनाने के पूर्व सुरक्षा के सभी मापदंडों का पालन किया जाना चाहिए।

ग्वालियर सकल जैन महापंचायत के अध्यक्ष पारस जैन एवं ग्वालियर जैन समाज के मीडिया प्रभारी ललित जैन ने कहा कि दुर्घटना में हताहत हुए लोगों के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने के साथ ही कमजोर वर्ग के होने की स्थिति में मृतकों के आश्रितों की नौकरी व आर्थिक पुनर्वास के भी प्रयास शासकीय स्तर पर किए जाने चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि प्रभावितों की मदद के लिए देशभर का जैन समाज भी आगे आए। उन्होंने दुर्घटना के बाद तत्काल ही द्रुत गति से राहत अभियान चलाने के लिए उप्र सरकार एवं बागपत जिले के स्थानीय प्रशासन के प्रति संतोष जताया है।

Next Post

हिन्दू उत्सव आयोजन समिति ने किया 100 स्वच्छता मित्रों का सम्मान

Tue Jan 28 , 2025
ग्वालियर। हिन्दू उत्सव आयोजन समिति मुरार के तत्वाधान में स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौशाला के संत स्वामी ऋषभानंद महाराज एवं भाजपा ग्वालियर के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, स्वामी प्रवेशानंद ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया। इस […]

You May Like