पार्किंग संकटः वाहन बढ़े, जगह घटी; अब सड़कों पर शुल्क की तैयारी

इंदौर: शहर में पार्किंग स्थल और स्मार्ट सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन बाजारों में वाहन खड़े करने की समस्या बरकरार है. नगर निगम अब 24 स्थानों पर सशुल्क ऑन-स्ट्रीट पार्किंग की योजना बना रहा है. सवाल यह है कि जब मौजूदा पार्किंग व्यवस्था ही लोगों को राहत नहीं दे पा रही, तो सड़कों पर शुल्क वसूलने से समस्या कितनी दूर होगी?

नगर निगम के प्रमुख पार्किंग स्थलों में सुभाष चौक, सुभाष नगर मल्टीलेवल पार्किंग, केजेके कोठारी मार्केट, संजय सेतु, महाराजा कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर मार्केट, एमटीएच कंपाउंड, हरसिद्धि फ्लॉवर मार्केट, सरवटे बस स्टैंड, नेहरू पार्क, मेघदूत गार्डन और रीजनल पार्क शामिल हैं. इसके बावजूद कई इलाकों में सड़क किनारे वाहन खड़े हो रहे हैं.

पार्किंग है, लेकिन उपयोग पर सवाल
नगर निगम के पार्किंग स्थलों की बताई गई क्षमता 2,277 चारपहिया और 5,184 दोपहिया वाहनों की है. फिर भी सड़कों पर पार्किंग का दबाव बना हुआ है. कहीं प्रवेश मार्ग पर वाहन खड़े रहते हैं, तो कहीं अतिक्रमण और अस्थायी दुकानों से जगह प्रभावित होती है. कुछ पार्किंग स्थलों तक पहुंचना भी आसान नहीं है. सुभाष चौक पार्किंग में फास्टैग, ऑनलाइन भुगतान और ऑटोमेटिक बूम बैरियर जैसी सुविधाएं हैं. लेकिन सवाल तकनीक का नहीं, उसके प्रभावी इस्तेमाल का है. निगम को बताना चाहिए कि पार्किंग स्थलों का कितना उपयोग हो रहा है और व्यस्त समय में कितनी जगह उपलब्ध रहती है.

कहीं 20 कारों की जगह, कहीं 250 की क्षमता
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बजाज खाना चौक पार्किंग में 20 कारों और 175 दोपहिया वाहनों की क्षमता है. सुभाष चौक में 100 कारें और 150 दोपहिया वाहन, जबकि प्रेमसुख पार्किंग में 125 से 150 कारें और 500 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं. महाराजा कॉम्प्लेक्स में 100 कारों और 180 दोपहिया वाहनों, सरवटे बस स्टैंड में 150-150 वाहनों की क्षमता बताई गई है. विजय नगर में रघुनाथ पेट्रोल पंप के पास, सत्यसाईं चौराहे और मेघदूत गार्डन के पास 250 कारों की क्षमता वाली पार्किंग का उल्लेख है. प्रेस क्लब के पास 25 से 30 कारों और 150 से अधिक दोपहिया वाहनों की जगह बताई गई है. फ्रूट मार्केट, खजूरी बाजार और रिवरसाइड रोड पर भी स्मार्ट सिटी के तहत पार्किंग विकसित की गई है. लेकिन क्षमता के आंकड़े तभी मायने रखते हैं, जब पार्किंग का वास्तविक उपयोग और बाजारों की जरूरत सामने आए.

वाहन खरीदने पर शुल्क, फिर भी पार्किंग की किल्लत
नगर निगम वाहन डीलरों के माध्यम से शहरी परिवहन एवं वाहन पार्किंग विकास शुल्क जमा कराता है. उपलब्ध सूची के अनुसार, दोपहिया वाहनों पर 250 से 2,000 रुपये और चारपहिया वाहनों पर 2,000 से 12,000 रुपये तक शुल्क लिया जाता है. इसके बावजूद बाजारों में पार्किंग की परेशानी बनी हुई है. शुल्क से हुए विकास कार्यों का ब्योरा सामने आना चाहिए.

 

 

वाहन पंजीकरण बढ़ा, दबाव भी बढ़ने की आशंका
इंदौर आरटीओ प्रदीप शर्मा के अनुसार, वर्ष 2025 में पैसेंजर गाड़ियों के 9,145 पंजीकरण हुए, जबकि 2026 में अब तक 75,549 पंजीकरण हो चुके हैं। दोपहिया वाहनों के पंजीकरण वर्ष 2025 में 1,39,436 और 2026 में अब तक 1,22,264 बताए गए हैं. इंदौर में कुल दोपहिया वाहनों की संख्या 24,22,082 बताई गई है.

स्मार्ट सिटी की पार्किंग अब निगम के अधीन
नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर के अनुसार, निगम के पास लगभग 11 मल्टीलेवल पार्किंग हैं. स्मार्ट सिटी के तहत विकसित कुछ पार्किंग स्थल भी हैं. उन्होंने बताया कि प्रेमसुख टॉकीज की पार्किंग का अनुबंध अक्टूबर में समाप्त हो गया है. इनके संचालन के लिए टेंडर जारी करने संबंधी प्रस्ताव महापौर परिषद (एमआईसी) में भेजा गया है.

24 स्थानों पर शुल्क, पांच मार्गों से ट्रायल
सशुल्क ऑन-स्ट्रीट पार्किंग के लिए अन्नपूर्णा रोड, सुभाष मार्ग, एबी रोड, जवाहर मार्ग-जेल रोड और कनाड़िया रोड-एमआर-10 मार्गों पर शुरुआती ट्रायल की योजना है. इनमें से अधिकतर पार्किंग फुल ही रहती है जबकि सबसे व्यस्ततम बाजारों में से एक राजवाड़ा, सराफा, खजूरी बाजार, आड़ा बाजार, मारोठिया बाजार, कपड़ा मार्केट आम दिनों में ही भीड़ रहती है. वहीं इन बाजारों में त्योहारों पर नो व्हीकल जोन बनाना पड़ते हैं. अगर पार्किंग की व्यवस्था सुधार हो जाए तो लोग आसानी से अपनी गाड़ियां पार्क कर सकेंगे. वहीं कई बिल्डिंग में पार्किंग की जगह दुकान निकाल रखी है. इन पर भी प्रशासन को हथौड़ा चलाना पड़ेगा.

भटकते हैं लोग
सराफा व्यापारी आरिफ के अनुसार, शाम को सराफा बाजार में खरीदारी और खान-पान के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं. वाहनों की भीड़ के कारण लोगों को पार्किंग के लिए भटकना पड़ता है. उनका कहना है कि सराफा, कपड़ा मार्केट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में बहुमंजिला पार्किंग बनाई जानी चाहिए. कई इमारतों के बेसमेंट में पार्किंग के बजाय दुकानें संचालित होने से भी समस्या बढ़ती है

Next Post

अनुपम खेर नहीं, ये थे सिकंदर खेर के बायलॉजिकल पिता, फिर भी पिता ने ऐसे निभाया अपना फर्ज

Sat Oct 31 , 2026
Sikandar Kher Birthday: अनुपम खेर और सिकंदर खेर के हाल ही में वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच, जानिए सिकंदर के बायलॉजिकल पिता गौतम बेरी और उनके रिश्तों की अनकही सच्चाई। सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या आग की तरह फैल जाए यह कह पाना […]

You May Like