
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नयागांव पुलिस चौकी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फोर्ड कार से 75 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल कार सहित जब्त मश्रुके की कुल कीमत 9 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर को चार खंभा चौराहा, गोठा-गुठलाई रोड पर स्कूल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान फोर्ड कार क्रमांक ॥क्र 08 ङ्घ 1201 का चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से भगाने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे सात कट्टों से कुल 75 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भंवरदास (45) निवासी लोरड़ी डेजगरा, जिला जोधपुर (राजस्थान) और लालाराम (31) निवासी कड़ी आत्री, थाना कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त फोर्ड कार की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में जावद थाने पर अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह सिसोदिया और नयागांव पुलिस चौकी की टीम शामिल रही।
