
झाबुआ. झाबुआ के रंगपुरा स्थित पलक बेकर्स पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अनिवार्य मानक घोषणाएं अंकित नहीं होने पर 963 किलोग्राम टोस्ट जब्त किया गया। जब्त किए गए टोस्ट की अनुमानित बाजार कीमत 1 लाख 9 हजार 915 रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में असिस्टेंट कलेक्टर आयुषी बंसल के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार को पलक बेकर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान तिल्ली टोस्ट के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण में बेकरी परिसर में साफ-सफाई की कमी पाई गई। साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। इन अनियमितताओं को देखते हुए बेकरी का निर्माण कार्य आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित कारोबारी को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने पर पंजीयन या लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। जब्त टोस्ट और लिए गए नमूनों से संबंधित जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
