शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना जनविश्वास शिविर का उद्देश्य: कुंवर

सीधी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड कुसमी की ग्राम पंचायत पोड़ी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। शिविर में रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए।

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान आम जनता और शासन-प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वित प्रयास करने चाहिए।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि 30 नवंबर को फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आज प्राप्त आवेदनों सहित लंबित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वॉश ऑन द व्हील के माध्यम से क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं में सफाई कार्य कर रहे हैं जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है। संभागायुक्त ने उपस्थितजनों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। शिविर में स्वामित्व योजना अंतर्गत पोड़ी की अनीता नामदेव, नीलम नामदेव, राजीव नामदेव, काशी केवट एवं हरमंगल सिंह, नवानगर के लाल बहादुर, मेढक़ी के शिवराज यादव, कोटा की छोखिया बाई एवं तेजभान साहू, करौटी के रामप्रकाश साकेत तथा लुरघुटी नंबर-1 के भगवत सिंह को रजिस्ट्री वितरित किए गए। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को केसीसी, आयुष्मान कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र तथा आय, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में डीईजी हेमंत चौहान, एसपी संतोष कोरी, सीईओ जिपं सौम्या आनंद, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना टी, एसडीएम सागर जैन, सीईओ जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

००

कमिश्नर ने की 22 लंबित आवेदनों की समीक्षा

संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित 22 आवेदनों की मौके पर समीक्षा की। समय पर कार्रवाई नहीं करने पर डीएम नागरिक आपूर्ति निगम को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। जनजातीय कार्य विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक के स्वत्वों के भुगतान में लापरवाही पर संबंधित डीडीओ के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं आरबीसी 6(4) के प्रकरणों में राहत राशि के अंतरण में विलंब पर संबंधित अधिकारियों को 3 नवंबर तक बिल प्रस्तुत कर जानकारी देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अन्य विभागों के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर पात्रतानुसार निराकरण किया गया। बसंती गुप्ता एवं सुभागिया की सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई।

००००००००००००

Next Post

अर्नब के चलते दो दिन से बढ़ी जिले में ठिठुरन

Fri Oct 30 , 2026
रीवा, बंगाल की खाड़ी से उठे तीव्र चक्रवात ‘अर्नब’ का व्यापक असर विंध्य क्षेत्र के रीवा जिले और आसपास के संभागों में देखने को मिल रहा है. पिछले दो दिनों से आसमान में घने काले बादलों का डेरा जमा हुआ है और बेमौसम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है. गुरुवार […]

You May Like