
रीवा, बंगाल की खाड़ी से उठे तीव्र चक्रवात ‘अर्नब’ का व्यापक असर विंध्य क्षेत्र के रीवा जिले और आसपास के संभागों में देखने को मिल रहा है.
पिछले दो दिनों से आसमान में घने काले बादलों का डेरा जमा हुआ है और बेमौसम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है. गुरुवार और शुक्रवार को दिन भर रुक-रुक कर मावठे की तरह पानी गिरता रहा, जिसके साथ चली बर्फीली और तेज ठंडी हवाओं ने पूरे वातावरण में एकाएक सिहरन और ठंड घोल दी है. मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के चलते दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. ईधर इस बेमौसम आंधी-बारिश ने क्षेत्र के अन्नदाताओं की चिंताएं बेहद बढ़ा दी हैं. खरीफ फसलों की कटाई और रबी की बुआई के इस महत्वपूर्ण समय पर हुई इस प्राकृतिक मार से फसलों को भारी क्षति पहुँच रही है. बारिश और तेज हवाओं के इस गठजोड़ ने खेतों में तैयार खड़ी फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुँचाया है. दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री पहुंच गया है.
