चमोली, 30 अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट सहित सभी छह लोगों की मौत की आशंका जतायी गई है।
पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सेना की संयुक्त टीमें दुर्गम घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (युकाड़ा) के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन वीटी-एचसीएक्स) बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए लगभग 13:14 बजे रवाना हुआ था।
जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसी दौरान उसके ट्रैकिंग सिस्टम ने भी काम करना बंद कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल तलाश एवं बचाव अभियान के लिए रवाना हो गयीं।
एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के समस्त हेलीकॉप्टरों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है। हेलीकॉप्टर मेंं पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली तथा कर्नाटक निवासी प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वी.बी. शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एच.एस. नटराजा (51) सवार थे।
