कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर संग्राहकों की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश

सागर। नगर पालिक निगम सागर के निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर बकाया राजस्व वसूली में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क तथा नगर निगम की दुकानों के किराए की लंबित बकाया राशि की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं एवं व्यापारियों द्वारा निर्धारित कर एवं शुल्क जमा नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही, निर्धारित समय सीमा में भुगतान न करने वाले बकायादारों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी करसंग्राहकों को अपने-अपने वार्डों में शत-प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप वसूली करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने चेतावनी दी कि लक्ष्य के अनुरूप वसूली न करने वाले तथा कार्य में उदासीनता बरतने वाले करसंग्राहकों की दो वेतनवृद्धि रोकी जाएगी।

बैठक में कम वसूली वाले वार्डों की विशेष समीक्षा करते हुए संबंधित करसंग्राहकों को अंतिम चेतावनी जारी की गई। निगमायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि नगर निगम की दुकानों के किरायेदारों द्वारा बकाया राशि जमा न करने की स्थिति में तालाबंदी (सीलिंग) की कार्रवाई प्रारंभ की जाए।

उन्होंने सभी करसंग्राहकों को अपने वार्डों में व्यवसायिक एवं आवासीय कर का निर्धारण करने तथा नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट प्रस्तुत न करने या कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निगमायुक्त ने कहा कि राजस्व संग्रहण मजबूत होने से ही नगर निगम नागरिक सुविधाओं को बेहतर ढंग से संचालित कर सकता है। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

Next Post

चार श्रम कानून का पुरजोर विरोध, शहर की निर्माणियों में हुई जमकर नारेबाजी

Thu Feb 12 , 2026
जबलपुर। श्रम कानून में परिवर्तन के विरोध में गुरूवार को की गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर जबलपुर में भी देखने को मिला जहां शहर में स्थित आयुध निर्माणियों में कार्यरत ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलाइज फेडरेशन से संबंद्ध यूनियनों ने हड़ताल के समर्थन में एक घंटे विलंब से अपनी उपस्थिति दर्ज […]

You May Like