नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के ‘पवन-आई3सी’ एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र का निरीक्षण किया और कहा कि इससे प्रदूषण पर निगरानी और कार्रवाई में तेजी आयेगी। श्री यादव ने बताया कि यह केंद्र 30 से अधिक स्रोतों के आंकड़ों को एक मंच पर जोड़कर दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण की वास्तविक समय में निगरानी करेगा। इसमें 111 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों, 2,300 से अधिक उद्योगों और 3,200 से अधिक निर्माण स्थलों का डेटा शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के स्रोतों की पहचान कर संबंधित एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई के लिए अलर्ट भेजे जायेंगे। एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए पांच से 20 नवंबर तक निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियां बंद रहेंगी। इस अवसर पर सीएक्यूएम के अध्यक्ष राजेश वर्मा और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष एवं मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अमनदीप गर्ग सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

