नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या में सितंबर माह में 19 लाख की बढ़ोतरी हुई जबकि इसी दौरान एयरटेल के 2 लाख ग्राहक बढ़े। मोबाइल कंपनियों के कोर मोबाइल ग्राहकों की कुल बढ़ोतरी में जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी रही। यह जानकारी भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की सितंबर की रिपोर्ट पर आधारित डीएएम कैपिटल और आईआईएफएल कैपिटल के विश्लेषणों में आयी है। विश्लेषण के मुताबिक, मशीन-टू-मशीन कनेक्शन हटाने पर जियो के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 19 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल के 2 लाख ग्राहक बढ़े ।
इस श्रेणी के मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या 22 लाख बढ़ी, जिसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी रही।
एक्टिव मोबाइल यूजर्स के मामले में भी जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया। डीएएम कैपिटल की रिपोर्ट के मुताबिक, एम2एम कनेक्शन हटाकर की गई गणना में सितंबर के दौरान जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या 13 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल व वोडाफोन आइडिया के एक्टिव यूजर्स घटे। एयरटेल के 2 लाख और वोडाफोन आइडिया के 3 लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए। इस आधार पर देशभर में एक्टिव मोबाइल यूजर्स की कुल संख्या में 6 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कुल मोबाइल ग्राहक संख्या के मामले में भी जियो ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर के अंत में जियो के पास 51.11 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे, जबकि एयरटेल का ग्राहक आधार 49.43 करोड़ रहा। वहीं, वोडाफोन आइडिया के 20.01 करोड़ और सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल के 9.43 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे। इन कुल आंकड़ों में एम2 कनेक्शन भी शामिल हैं।

