
परासिया। एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर इंदौर के अंतर्गत 17 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ (ईबीएसबी) कैंप में 24 एमपी बटालियन एनसीसी छिंदवाड़ा का प्रतिनिधित्व करने के बाद सांदीपनि विद्यालय पेंचवैली परासिया के सार्जेंट दिव्यम बंदेवार और सार्जेंट रोशनी सोनी सफलतापूर्वक लौटे। विद्यालय पहुंचने पर दोनों कैडेट्स का प्राचार्य, शिक्षकों एवं एनसीसी यूनिट द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और देश की विविधता में एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में दोनों कैडेट्स ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, राष्ट्रीय एकता संबंधी प्रस्तुतियों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्होंने सहभागिता एवं योग्यता प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए। शिविर के दौरान अन्य राज्यों से आए कैडेट्स के साथ संवाद कर उनकी भाषा, संस्कृति, रहन-सहन और परंपराओं को जानने-समझने का अवसर भी मिला।
