इंदौर: शासकीय स्वशासी अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय, लोकमान्य नगर इंदौर में नए शैक्षणिक सत्र से क्रिया शरीर, रचना शरीर और शालाक्य तंत्र विषयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे. यह निर्णय संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया.बैठक में महाविद्यालय के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन भवनों के कार्य जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए. विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित जी+3 छात्रावास भवन का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा.
साथ ही महाविद्यालय और छात्रावास में पीएनजी पाइपलाइन कनेक्शन का कार्य भी समयसीमा में पूरा किया जाएगा. एनसीआईएमएस से मान्यता के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि निर्माण हेतु कच्चा माल और अन्य संसाधनों की खरीदी पर भी चर्चा हुई. स्नातक विद्यार्थियों के लिए तीन माह का स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में बताया गया कि महाविद्यालय की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 400 मरीज उपचार के लिए आते हैं. यहां ओजोन थैरेपी, पंचकर्म चिकित्सा, प्रसूति सेवाएं तथा आयुर्वेदिक पद्धति से कैंसर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं. महाविद्यालय में प्रतिवर्ष लगभग 75 विद्यार्थियों को स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाता है, जबकि वर्तमान में करीब 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. बैठक में अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
