
भोपाल। साइबर ठगों ने शहर के दो थाना क्षेत्रों में तीन लोगों को निशाना बनाकर करीब 3 लाख रुपए की ठगी कर ली. ठगी के शिकार लोगों में एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी, एक महिला और एक युवक शामिल हैं. पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, हबीबगंज क्षेत्र की अरेरा कॉलोनी निवासी अनुराधा कुकरेजा (66) के बैंक खाते से 1 लाख 60 हजार रुपए निकल गए. कुछ दिन पहले उनके वॉट्सऐप पर एक एपीके फाइल आई थी, जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया था। इसके बाद उनके खाते से रकम निकल गई.
वहीं, कोलार निवासी रिटायर्ड सैन्यकर्मी मनोज कुमार यादव के साथ क्रेडिट कार्ड की एनओसी दिलाने के नाम पर ठगी हुई. आरोपी ने उनके वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजा और उसमें जानकारी भरवाई. लिंक पर जानकारी सबमिट करते ही उनके खाते से 94,300 रुपए निकल गए. इसके साथ ही कोलार गणेश नगर निवासी दीपक कुमार ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर संबंधित कंपनी का ऐप डाउनलोड किया था. इसके बाद उनके खाते से 50 हजार रुपए पार हो गए. तीनों मामलों में पुलिस मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है.
