
भोपाल। नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम के मां लक्ष्मी मंदिर परिसर में सहज शिक्षा समाधान समिति के तत्वावधान में सामूहिक करवाचौथ पूजन का आयोजन किया गया। इसमें 101 जोड़ों ने हिस्सा लिया। आयोजन का यह दसवां वर्ष था।
संत सुदेश जी शांडिल्य महाराज के सानिध्य में पंडित विष्णु राजोरिया ने विधि-विधान से पूजन कराया। व्रतधारी महिलाओं ने चंद्र दर्शन कर व्रत का पारंपरिक पूजन किया। चंद्रमा दिखाई देने पर परिसर में आतिशबाजी की गई।
आयोजन से पहले नीलेश आचार्य सुंदरकांड मंडली ने भजन संध्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम स्थल को रंगोली और फूलों से सजाया गया था। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी के दर्शन किए और सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं। आयोजन समिति के अध्यक्ष कमल गर्ग और प्रवक्ता रमेश राठौर सहित अन्य सदस्यों ने संत सुदेश जी शांडिल्य महाराज और पंडित विष्णु राजोरिया का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
