हरिफाटक पर बनेगा अंडरपास, नीलगंगा से गेल इंडिया तक चौड़ी होगी सडक़

उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों के बीच शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सडक़ों के चौड़ीकरण और नए अंडरपास निर्माण की योजना पर काम तेज हो गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रमुख चौराहों और मार्गों को सुगम बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह हरिफाटक, कवेलू कारखाना, नीलगंगा और शांतिनगर क्षेत्र पहुंचे। यहां निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ यातायात व्यवस्था और शेष कार्यों को पूरा करने की तैयारियों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई। हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे प्रस्तावित अंडरपास निर्माण को लेकर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग संयुक्त रूप से काम करेंगे। अंडरपास का मार्ग निर्धारण अंतिम होने के बाद निर्माण स्थल पर निशान लगाकर काम शुरू किया जाएगा। हरिफाटक चौराहा उज्जैन के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां से महाकाल मंदिर, इंदौर रोड और शहर के विभिन्न क्षेत्रों की ओर वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में निर्माण के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी, मशीनें और संसाधन लगाने पर भी जोर दिया गया है।

सिंहस्थ महाकुंभ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सडक़ें चौड़ी होने से न केवल सिंहस्थ के दौरान वाहनों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि स्थानीय रहवासियों को भी रोजमर्रा के ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी। हरिफाटक क्षेत्र में अंडरपास बनने से यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सिंहस्थ से जुड़े निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है। निर्माण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। इस दौरान स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नेहा जैन, अपर मेला अधिकारी ओमप्रकाश सनोडिया सहित नगर निगम, संबंधित विभागों के इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कमिश्नर कलेक्टर उतरे सडक़ों पर

हरिफाटक के बाद संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कवेलू कारखाना चौराहे से नीलगंगा चौराहा तथा नीलगंगा से शांतिनगर होते हुए गेल इंडिया तक सडक़ चौड़ीकरण कार्यों की स्थिति देखी। लगभग 2.7 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार मार्ग पर आईसी चैंबर, सीवर लाइन, नाली निर्माण और बिजली के पोल स्थानांतरण का काम पूरा हो चुका है। अब शेष निर्माण कार्यों को गति देकर सडक़ को जल्द तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

Next Post

युवा देश की शक्ति, राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका : सांसद गुप्ता

Thu Oct 29 , 2026
मंदसौर। मेरा युवा भारत, मंदसौर के तत्वावधान में गुरुवार को उत्कृष्ट विद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सांसद सुधीर गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए युवाओं की भूमिका, शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी पर प्रकाश […]

You May Like