
सिंगरौली । पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना को लेकर आज गुरुवार को ऊर्जाधानी सिंगरौली में सुहागिन महिलाओं ने 24 घंटे का निर्जला व्रत रखा।
दिनभर उपवास के बाद शाम को महिलाओं ने भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान कार्तिकेय और गणेश जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और पति की दीर्घायु का आशीर्वाद मांगा। परंपरा के अनुसार चंद्रमा के दर्शन करने के बाद अर्घ्य अर्पित कर व्रत खोलने की तैयारी की गई।
ऊर्जाधानी में बारिश से चॉद के नही हुये दीदार
महिलाओं ने चलनी से चंद्रमा और फिर अपने पति का दीदार कर पूजा की परंपरा निभाई। इसके बाद पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया जाता है। घरों से लेकर पूजा स्थलों तक पूरे दिन धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा। हालांकि, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम में आए बदलाव ने व्रत रखने वाली महिलाओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश और आसमान में छाए घने काले बादलों के कारण कई स्थानों पर चंद्रमा के स्पष्ट दर्शन नहीं हो सके। महिलाएं काफी देर तक बादलों के छंटने और चांद निकलने की प्रतीक्षा करती रहीं। मौसम की बेरुखी के चलते पारंपरिक रूप से चंद्र दर्शन करने की अभिलाषा अधूरी रह जाने से व्रतियों को निराशा भी हुई। इसके बावजूद महिलाओं ने अपनी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के प्रति अटूट आस्था बनाए रखी।
