
भोपाल। अभिभाषक संघ ने गुरुवार को सांसद आलोक शर्मा का अदालत परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन ने सांसद से हाईकोर्ट की बेंच भोपाल लाने और अभिभाषक संघ की नवीन बिल्डिंग में द्वितीय तल निर्माण के लिए सांसद निधि से सहयोग राशि देने का आग्रह किया।
सांसद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने हाल ही में देश के कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर भोपाल में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने का पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि यदि बेंच स्थापित करने में कोई दिक्कत आती है तो भोपाल संभाग का क्षेत्राधिकार इंदौर खंडपीठ से जोड़ने पर भी विचार किया जा सकता है।
सांसद शर्मा ने बार एसोसिएशन और उपस्थित वकीलों से कहा कि हाईकोर्ट खंडपीठ की स्थापना के लिए उनके प्रयासों में सभी का सहयोग आवश्यक है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री, राज्यपाल और हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस तक प्रस्ताव भेजना होगा। सांसद ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद वे सभी मिलकर भोपाल में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि भोपाल में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित होने से जनता को सस्ता और सुलभ न्याय मिलेगा और सरकार का आर्थिक बोझ भी कम होगा।
