सतना : शारदेय नवरात्र आरंभ होने में अब सप्ताह भर का समय ही शेष है. जिसे देखते हुए शहर में दर्जनों स्थानों पर कलाकार माता की मूर्तियों को अंतिम रुप देने में लगे हुए हैं. लेकिन बन रही कुछ मूर्तियां माता के मूल स्वरूप से बिलकुल भिन्न नजर आने पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकत्र्ताओं ने आपत्ति जताते हुए कहा कि रचनात्मक स्वतंत्रता की आड़ में आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए.
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला प्रचार प्रमुख सुमित पारौहा ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के कार्यकत्र्ताओं को इइस बात की जानकारी मिली थी कि शहर में कुछ स्थानों पर माता की ऐसी प्रतिमाएं बन रही हैं, जिन्हें आस्था के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है. जिसे देखते हुए जिला मंत्री विपिन सिंह और जिला संयोजक आदर्श त्रिपाठी के नेतृत्व में बजरंग दल की टोली उक्त स्थानों पर पहुंच गई.
जहां पर कुछ मूर्तियां ऐसी नजर आईं जो माता के मूल स्वरुप से पूरी तरह भिन्न थीं. कहीं माता के स्थान पर गुडिय़ा की प्रतिमा बनाई जा रही थी तो कहीं आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की तर्ज पर स्वरुप बदला हुआ पाया गया. वहीं कुछ मूर्तियों को डिजिटल तर्ज पर कथित तौर पर क्यूट बनाने का प्रयास भी नजर आया. पूछे जाने पर मूर्तिकारों ने बताया कि आयोजकों के आर्डर पर ही वे यह मूर्तियां बना रहे हैं. लेकिन जब विहिप बजरंग दल ने पूछा कि मर्तियों की इस तरह की डिजाइन तो आप लोगों के द्वारा ही सुझाई गई होगी, तो मूर्तिकारों ने चुप्पी साध ली.
आध्यात्म की दिशा न बदले
शहर के कुछ स्थानों में माता के मूल स्वरुप से पूरी तरह भिन्न मूर्तियों को बनता देख विहिप बजरंग दल के कार्यकत्र्ताओं नरे मूर्तिकारों से आग्रह किया दुर्गा उत्सव शक्ति आराधना का पर्व है. मां की प्रतिमा शक्ति उपासना का संदेश देती है, इसलिए पूजित है. रचनात्मक स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि माता के मूल स्वरुप को बदलते हुए आस्था के साथ खिलवाड़ किया जाए. आस्था और परंपरा से अलग मूर्तियों के निर्माण से युवा पीढ़ी पर गलत असर पड़ सकता है.
जिसे देखते हुए मूर्तिकारों से आग्रह किया गया कि इस तरह की मूर्तियां न बनाई जाएं. इसी कड़ी में विहिप बजरंग दल के कार्यकत्र्ताओं ने यह भी कहा कि वे यह जानकारी जुटाएंगे कि ऐसे कौ-कौन से आयोजक हैं जिन्होंने मूल स्वरुप इतर मूर्तियों को बनाने का आर्डर दिया है. आयोजकों को भी दुर्गा उत्सव की आस्था के बारे में बताकर ऐसा न करने का आग्रह किया जाएगा.
