छिंदवाड़ा / जुन्नारदेव: कोयलांचल क्षेत्र में वेकोली द्वारा छोड़ी गई असुरक्षित ओपन कास्ट खंतियाँ एक बार फिर दो परिवारों की खुशियाँ निगल गई हैं। डूंगरिया चौकी अंतर्गत कोठीदेव में वेकोली की प्रतिबंधित खंती में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। जन्मदिन की पार्टी मनाने गए 10 दोस्तों की टोली में शामिल दो किशोरों की जलसमाधि से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। बता दे कि बुधवार 27 मई की दोपहर लगभग 3:00 बजे, 10 किशोर जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए कोठीदेव स्थित वेकोली की प्रतिबंधित ओपन कास्ट खंती के पास पहुंचे थे। इसी दौरान, नहाने के उद्देश्य से उतरे दो किशोर राजा बनवंशी 17 वर्ष और आयुष जावरे 16 वर्ष दोनों निवासी तराक गहरी खंती में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही जुन्नारदेव एसडीओपी सुनील वरकडे, थाना प्रभारी जे. मसराम, डूंगरिया चौकी प्रभारी अंजना मरावी, उप-निरीक्षक मुकेश डोंगरे और एसडीआरएफ प्रभारी गणेश धुर्वे की टीम मौके पर पहुंची। लगभग 24 घंटे चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद, गुरुवार दोपहर तक दोनों किशोरों के शव बरामद किए जा सके। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
वेकोली की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
यह घटना कोयलांचल में वेकोली प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है कि प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद, वहां न तो कोई सुरक्षा घेराबंदी है और न ही पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खंतियों के आसपास सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। उत्खनन कार्य पूरा होने के बाद भी खंतियों को खुला छोड़ दिया जाना एक बड़ी प्रशासनिक विफलता है। ये खंतियाँ आए दिन लोगों और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं।
दो बच्चों में से एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
थाना चौरई क्षेत्र अंतर्गत बेलखेड़ा स्थित घोघरा वाटरफॉल में बीते दिन दो बच्चे पानी में डूब गए थे। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय घटित हुई जब सभी बच्चे रील बना रहे थे। जानकारी देते हुए चौरई पुलिस ने बताया कि डूबने वाले बच्चों में 14 वर्षीय गौरव डेहरिया एवं 17 वर्षीय विनायक गुप्ता सामिल हैं। दोनों बच्चे छिंदवाड़ा निवासी बताए जा रहे है। बच्चे अपनी बहनों के साथ घूमने आए हुए थे तभी रील बनाते समय हादसा हुआ. मौके पर चौरई टी आई और एसडी आरएफ टीम द्वारा तलाश जारी है। अभी तक एक मृतक युवक विनायक गुप्ता का शव बरामद किया गया, दूसरे की तलाश जारी है
