सतना: जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मतरी पतौरा में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया. ट्रैक्टर से अचानक नीचे गिरने के बाद पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आने से गांव के सरपंच के 18 वर्षीय बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई.घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.जानकारी के अनुसार ग्राम मतरी पतौरा के सरपंच हनुमानदीन सिंगरौल का बड़ा पुत्र आनंद उर्फ भालू सिंगरौल (18) शनिवार दोपहर ट्रैक्टर पर बैठकर जा रहा था.
दोपहर करीब 3 बजे जब ट्रैक्टर हरदोखरी देवार पार के पास से गुजर रहा था तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से आनंद ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा.नीचे गिरते ही वह सीधे ट्रैक्टर के पीछे चल रहे रोटावेटर में जा फंसा.रोटावेटर की चपेट में आने और शरीर में गंभीर चोटें लगने के कारण युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है.फिलहाल उचेहरा पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है.
