होटलों पर बदमाशों का उपद्रव, तोडफ़ोड़, कर्मचारी पर चाकू अड़ाकर मांगी हफ्ता वसूली

जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत रतन नगर में बदमाशों ने दो होटलों को निशाना बनाते हुए जमकर तोडफ़ोड़ की और एक कर्मचारी की जान लेने की धमकी देकर चाकू अड़ाकर हफ्ता वसूली की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक कमलेश्वर बघेल निवासी मदन महल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे रतन नगर स्थित प्रो मैक्स होटल एवं डिवाइन प्रो होटल में मैनेजर है। बीती रात करीब 10:28 बजे तीन युवक एक स्कूटी पर सवार होकर प्रो मैक्स होटल पहुंचे। आरोपियों ने होटल के मुख्य गेट और खिड़कियों के कांच मेें तोडफ़ोड़ कर दी। मैनेजर जब तक मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से भाग चुके थे। कुछ ही देर बाद, रात करीब 11:53 बजे वही तीनों बदमाश डिवाइन प्रो होटल पहुंचे। वहां तैनात कर्मचारी अश्वनी बघेल ने मैनेजर को फोन पर बताया कि दो बदमाशों ने उसके पेट पर चाकू अड़ा दिया। बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा, अगर यहाँ होटल चलाना है, तो हफ्ता वसूली देनी पड़ेगी। जब कर्मचारी ने विरोध करने की कोशिश की, तो उन्होंने कहा कि अगर पुलिस को फोन लगाया तो जान से मार देंगे। इसके बाद बदमाशों ने होटल के गेट और खिड़कियों पर पत्थर बरसाए और भाग निकले। इस पूरी वारदात में होटलों का करीब 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

 

पुलिस को हमारा नाम चीकू और गुड्डू बता देना-

वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय बदमाशों ने बेखौफ अंदाज में चुनौती दी। उन्होंने चिल्लाकर कहा कि पुलिस को हमारा नाम चीकू और गुड्डू बता देना, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। होटल के मालिक अंकित जैन को घटना की सूचना देने के बाद मैनेजर ने गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। यह पूरी सनसनीखेज वारदात होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Next Post

अर्नब की आपदा से जूझ रहे आंध्र प्रदेश में अब एक और नए चक्रवात का खतरा मंडराया

Thu Oct 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रकोप से उबर रहे तटीय राज्यों, विशेषकर आंध्र प्रदेश पर मौसम के एक और तंत्र का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बृहस्पतिवार […]

You May Like