पाकिस्तान के सिंध में एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई

हैदराबाद, 29 अक्टूबर (वार्ता) पाकिस्तान में सिंध प्रांत के थारपारकर जिले के एक अस्पताल में एम्बुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से लगी आग में मरने वालों की संख्या गुरुवार को बढ़कर नौ हो गई। अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

मिथी के उपायुक्त हमीद जगिरानी ने बताया कि यह धमाका बुधवार रात को नगरपारकर तालुका के डानो धंधल में ‘पीपल्स प्राइमरी हेल्थकेयर इनिशिएटिव’ (पीपीएचआई) द्वारा संचालित एक अस्पताल में हुआ।

एक महिला को प्रसव के बाद कुछ जटिलताएं होने पर, उसे मिथी स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस तैयार की जा रही थी। महिला ने एक बेटे को जन्म दिया था और उसे आगे के इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, तभी ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया।
श्री जगिरानी ने बताया कि यह धमाका तब हुआ जब मरीज के लिए सिलेंडर को संभाला जा रहा था। पीपीएचआई के जिला प्रबंधक इब्राहिम कुम्भार ने बताया कि मरने वालों में स्वास्थ्य केंद्र के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं।

बुधवार रात को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई और पांच लोग झुलस गए।राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पारदर्शी जांच के आदेश दिए और अधिकारियों को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, उन्होंने इस घटना में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया, मृतकों के शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने उन नौ परिवारों में से प्रत्येक को 20-20 लाख पाकिस्तानी रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की, जिन्होंने इस घटना में अपने परिजनों को खो दिया है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिले, और साथ ही घटना की जांच के आदेश भी दिए।

श्री शाह ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के एमपीए कासिम सोमरो को राहत कार्यों की निगरानी के लिए नागरपारकर जाने का निर्देश दिया।

पीपीपी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी ने भी इस घटना की गहन और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति एकजुटता जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि अगर जांच में यह सामने आता है कि यह घटना लापरवाही या किसी आपराधिक कृत्य के कारण हुई है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। श्री बिलावल ने थारपारकर में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की।

.....

Next Post

देश के औद्योगिकी परिदृश्य में बदलाव के लिए बड़े पैमाने पर उत्पादन, गुणवत्ता, नवाचार पर बल दिया गोयल ने

Thu Oct 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने देश के औद्योगिक परिदृश्य की कायाकल्प के लिए उत्पाद की गुणवत्ता, बड़े पैमाने पर उत्पादन, वैश्विक बाजारों तक पहुँच और समावेशिता के आधार पर आगे बढ़ने की रणनीति की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि नवाचार के लिए […]

You May Like