शाह ने चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर आंध्र प्रदेश, पुड्डुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मद्देनजर गुरुवार को आंध्र प्रदेश, पुड्डुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। श्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
गृह मंत्री ने कहा , ” चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर आंध्र प्रदेश, पुड्डुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की है।

इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को इस आपदा के समय लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें सक्रियता के साथ युद्धस्तर पर बचाव व राहत कार्य कर रही हैं। आपदा के प्रभाव का आंकलन करने और आगे की आवश्यक सहायता तय करने के लिए जल्द ही अंतर-मंत्रालयी केन्द्रीय टीमें भेजी जायेंगी। भारत सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ लोगों के साथ खड़ी है।”

उल्लेखनीय है कि ‘अर्नब’ ने बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दी थी। इस तूफान से आन्ध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और पुड्डुचेरी बहुत अधिक प्रभावित हुए हैं। तूफान के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश हुई, 125 से 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चली। प्रभावित क्षेत्रों से करीब एक लाख 80 हजार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। तूफान से जनजीवन अस्त वयस्त हुआ है और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। तट से टकराने के बाद ‘अर्नब’ अब कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल चुका है।

.....

Next Post

अमेरिका में हेगसेथ ने पेंटागन के शीर्ष योजना अधिकारी को हटाया, ईरान पर अमेरिका के नये हमले की आशंका

Thu Oct 29 , 2026
वाशिंगटन, 29 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के रक्षा मंत्रालय में रणनीति, योजना एवं नीति निदेशक (जे5) के रूप में कार्यरत लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया काे उनके पद से हटा दिया गया है। सीएनएन ने ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन के प्रवक्ता के हवाले से इसकी पुष्टि की […]

You May Like