बीजेपी सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने पीएम नरेंद्र मोदी को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की उठाई जोरदार मांग

नई दिल्ली,  भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजे जाने की पुरजोर मांग उठाई है। नई दिल्ली में पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक कार्यकाल पर आधारित ‘मन की बात’ पेंटिंग प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के दौरान गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह प्रस्ताव रखा गया। सांसद साहनी ने कहा कि जिस प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी को उनके कार्यकाल के दौरान भारत रत्न दिया गया था, उसी तरह वैश्विक मंच पर भारत का डंका बजाने वाले और देश को समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस सर्वोच्च सम्मान के पूरी तरह हकदार हैं।

‘मन की बात’ प्रदर्शनी में पीएम मोदी के करिश्माई नेतृत्व की हुई सराहना, G20 और BRICS में भारत का मान बढ़ाने का किया जिक्र

वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस विशेष प्रदर्शनी में कलाकार मंजीत सिंह की 76 पेंटिंग प्रदर्शित की गई हैं, जो प्रधानमंत्री की 25 साल की बेदाग जनसेवा यात्रा को दर्शाती हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रमजीत सिंह साहनी ने पीएम मोदी को एक ‘करिश्माई लीडर’ करार दिया और कहा कि उनकी प्रतिबद्धता ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘मन की बात’ को दुनिया का सबसे बड़ा जन-संवाद कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इसके जरिए प्रधानमंत्री ने देश के कोने-कोने के गुमनाम नायकों को पहचान दिलाई है और कई सामाजिक अभियानों को राष्ट्रीय जन-आंदोलन में बदला है।

ड्रग-फ्री इंडिया के विजन की भी हुई जमकर तारीफ, गृह मंत्री अमित शाह और एलजी तरनजीत सिंह संधू ने की गैलरी की विजिट

समारोह के दौरान वक्ताओं ने देश से नशे की कुप्रथा को मिटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए ‘ड्रग-फ्री इंडिया’ के नारे की भी खुलकर सराहना की। कार्यक्रम के अंत में गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पूरी कला गैलरी का दौरा किया और पेंटिंग बनाने वाले कलाकार मंजीत सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री के ढाई दशकों के प्रशासनिक सफर पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसे उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने काफी सराहा।

Next Post

बालाघाट जिले में पटाखों की बिक्री और उपयोग को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

Thu Oct 29 , 2026
बालाघाट:जिले में दीपावली पर्व के दौरान वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने तथा जनस्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आदित्य सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश 28 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 […]

You May Like