
इंदौर. खरगोन जिले की करही तहसील में कृषि भूमि के बंटांकन और नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने वाले पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को रंगेहाथ पकड़ लिया. पटवारी ने वाटर प्लांट खोलने के लिए खरीदी गई कृषि भूमि के काम के एवज में 4 हजार रुपए मांगे थे. लोकायुक्त की टीम ने टप्पा करही तहसील कार्यालय से करीब 100 मीटर दूर नेहरुमार्केट में विपुल टायर के पास कार्रवाई की.
ग्राम मोहनया टप्पा निवासी कपिल राठौर ने वाटर प्लांट खोलने के लिए अपने परिवार की कृषि भूमि खरीदी थी. भूमि के बंटांकन और नामांतरण के काम के लिए हलका नंबर 54 के पटवारी सुनील पटेल ने उनसे 4 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी. कपिल ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में की. पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया. शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार, 28 अक्टूबर को ट्रैप दल ने कार्रवाई करते हुए पटवारी सुनील पटेल को रिश्वत की राशि लेते रंगेहाथ पकड़ लिया. लोकायुक्त की निरीक्षक प्रतिभा तोमर ने बताया कि कपिल राठौर की शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई. पटवारी को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
