
ग्वालियर। स्पेशल एरिया डव्लपमेंट अथोरिटी (साडा) के दिन फिरने वाले हैं। साडा में प्रस्तावित टीएमजेड यानि टेलीकाम मैन्युफेक्चिरिंग जोन के लिये विभिन्न निवेशकों के 55 हजार करोड़ के प्रस्ताव आ चुके हैं। टीएमजेड के भूमिपूजन कार्यक्रम के लिये केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जल्द ही आना फाइनल ही है। इसके लिये तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
ग्वालियर अब विकास के क्षेत्र में तेजी से अग्रसर है। केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के संयुक्त प्रयासों से 3 दशकों वीरान पड़े साडा में विकास की बयार बहने वाली है। लगभग 55 हजार से अधिक करोड़ के निवेश के प्रस्ताव टीएमजेड के लिये राज्य शासन व साडा को मिल चुके हैं। यह प्रस्ताव भूमिपूजन तक और बढ़ सकते हैं। साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा भी टीएमजेड के लिये भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों के लिये दिनरात एक कर रहे हैं। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की काउंटर मेग्नेट परियोजना में 35 वर्ष पहले शामिल हुये साडा का अभी तक बंटाधार ही होता आया है। लेकिन अब केन्द्रीय मंत्री सिंधिया व मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के संयुक्त प्रयास से साडा अब देश प्रदेश का पहला टीएमजेड बहुउददेश्यीय केन्द्र बनने की ओर अग्रसर है। टीएमजेड में देश की बड़ी टेलीकाम उपकरण व चिप बनाने वाली कंपनियां ग्वालियर आ रही हैं।
