
सिंगरौली । कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ना होगा। यदि इस बार भी पार्टी सरकार बनाने में सफल नहीं हुई, तो आने वाले समय में उसकी स्थिति और खराब हो सकती है। उक्त बाते चुरहट विधायक एवं कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने आज सिंगरौली आगमन के दौरान बैढ़न के पार्टी के कार्यालय में मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब देते हुये बोल रहे थे। इस दौरान म.प्र. में कांग्रेस की चुनावी चुनौतियों और संगठन की स्थिति को लेकर अजय सिंह राहुल ने बड़ा बयान दिया है।
आज बुधवार की शाम बैढ़न में आयोजित मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुये अजय सिंह राहुल ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि दो साल बाद कांग्रेस को सत्ता से बाहर हुए 25 साल पूरे हो जाएंगे। इतने लंबे समय तक सत्ता से दूर रहना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए पार्टी को अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी चुनावी सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। राहुल ने सेवादल के विशेष प्रशिक्षण अभियान को भी संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम बताया। इस अभियान में सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली के कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने सिंगरौली की कोयला खदानों में विस्थापित परिवारों की समस्याओं पर भी उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर विस्थापित परिवारों की मदद प्राथमिकता से की जाएगी। अजय सिंह राहुल के बयान ने कांग्रेस के भीतर एकजुटता और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अब पार्टी के सामने चुनौती है कि इस संदेश को जमीनी स्तर पर कितनी गंभीरता से लागू किया जाता है।
००००००
