
झाबुआ. जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सुबह और दोपहर के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। अब लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। सुबह जल्दी घर से निकलने वालों को ऊनी कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अर्नब तूफान के असर के चलते जिलेभर में ठंडी हवाएं चल रही हैं। 27 और 28 अक्टूबर के बीच मौसम में तेजी से बदलाव देखा गया। 27 अक्टूबर को जिले का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस था, जो 28 अक्टूबर को घटकर 14.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यानी 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
अचानक मौसम में आए बदलाव का कारण अर्नब तूफान को माना जा रहा है। इसके प्रभाव से दिन में भी धूप की तेजी कम महसूस हो रही है। वहीं, ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है। जिले में एक ही दिन में दो तरह के मौसम का अनुभव हो रहा है। दिन में जहां हल्की गर्मी महसूस होती है, वहीं रात में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम में आए इस बदलाव के बीच अगले एक-दो दिनों में जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है।
