
जबलपुर। सऊदी अरब में उमराह करने गए देशभर के करीब 4,000 जायरीनों, जिनमें मध्यप्रदेश के लगभग 300 जायरीन शामिल हैं, की जल्द एवं सकुशल वतन वापसी के लिए मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने पहल की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा जायरीनों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान डॉ. सनवर पटेल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जायरीनों की वापसी से जुड़ी परिस्थितियों को रखते हुए आग्रह किया कि सऊदी अरब में मौजूद सभी जायरीनों को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि जायरीनों की सकुशल वापसी उनके परिजनों की चिंता से जुड़ा महत्वपूर्ण मानवीय विषय है, इसलिए इस दिशा में शीघ्र पहल आवश्यक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुस्लिम समाज को आश्वस्त किया कि जायरीनों को आवश्यक मानवीय सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें सकुशल उनके घरों तक वापस लाने के लिए जरूरी इंतजामों के संबंध में सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर जबलपुर अंजुमन वक्फ कमेटी के अध्यक्ष अन्नू अनवर, राशिद अंसारी, इस्तियाक अंसारी सहित अन्य प्रमुखजन उपस्थित रहे। सभी ने जायरीनों की शीघ्र एवं सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जायरीनों की सकुशल वापसी के लिए यह पहल मानवीय संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण प्रयास है।
