
नई दिल्ली। दिल्ली में अब शराब खरीदने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम यानी DSIIDC ने ‘Delhi Liquor Booking’ नाम से ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए ग्राहक शराब का ब्रांड, बोतल का साइज और मात्रा चुनकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
इस सुविधा के तहत ग्राहक डिजिटल पेमेंट भी कर सकेंगे। भुगतान पूरा होने के बाद उन्हें एक QR कोड मिलेगा। ग्राहक को यह QR कोड संबंधित शराब की दुकान पर दिखाना होगा। दुकान पर कोड स्कैन होने के बाद शराब दी जाएगी।
हालांकि, इस सुविधा में शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद ग्राहकों को खुद दुकान पर जाकर शराब लेनी होगी। इसके लिए बुकिंग के 48 घंटे के भीतर शराब लेना अनिवार्य होगा।
फिलहाल यह सुविधा DSIIDC के 208 सरकारी शराब ठेकों पर उपलब्ध कराई गई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करना और शराब की बिक्री में बिलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।
यानी अब दिल्ली में ग्राहक पहले ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान कर सकेंगे, लेकिन शराब लेने के लिए दुकान पर जाना जरूरी होगा।
