मोबाइल हैक कर खातों से उड़ाए 8.74 लाख

जबलपुर: शातिर साइबर ठगों ने सिस्टम अपडेट और डिवाइस हैक करके एक महिला, एक किसान और दो व्यापारियों समेत चार लोगों को अपना निशाना बनाया और कुल 8,74,117 रुपये पार कर दिए। सभी मामलों में पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है।जानकारी अनुसार रांझी थाना अंतर्गत मड़ई मस्जिद के पीछे रहने वाली नेहा सिंह (34) के फोन की स्क्रीन अचानक काली हो गई और उस पर इंस्टॉलिंग सिस्टम अपडेट लिखा आने लगा। फोन पूरी तरह लॉक हो गया। जब पति मोबाइल दुकान पर ले गए, तो दुकानदार ने फोन हैक होने की बात कही। हैकर्स ने उनके यूनियन बैंक खाते से 44,900 रुपये निकाल लिए।

इसी प्रकार गोहलपुर थाना अंतर्गत रामनगर मो. आबिद हसन (39) सब्जी का व्यवसाय करते हैं और अपने फोन में फोनपे का इस्तेमाल करते थे। अज्ञात ठग ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर अलग-अलग किस्तों में कुल 6,39,229 रुपये की रकम साफ कर दी। इसी प्रकार गोहलपुर थाना अंतर्गत अम्बेडकर कॉलोनी निवासी अनुरूप तिवारी (52) खेती-किसानी करते हैं। उनका मोबाइल नंबर विजयनगर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से लिंक था, जिसे ठगों ने हैक कर लिया। ठगों ने कुल 1,41,288 रुपये निकाल लिए। गोहलपुर थाना, अंतर्गत बेनी सिंह तलैया में रहने वाले मैकेनिक महबूब अहमद (47) का मोबाइल नंबर इंडियन बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, दोनों खातों से लिंक था। बीती रात ठगों ने उनका फोन हैक किया। इंडियन बैंक से तीन बार में 42,000 रुपये और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से 7,700 रुपये उड़ाए। कुल नुकसान 49,700 रुपये का हुआ।

Next Post

पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चाकू-पिस्टल अड़ाकर नगदी लूटीं

Wed Oct 28 , 2026
जबलपुर। भेड़ाघाट में रिलायंस पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की गाड़ी से आए तीन बदमाशों ने पिस्टल और चाकू की नोक पर लूट की। बदमाशों ने पेट्रोल डाल रहे कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और कैश छीनकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू […]

You May Like