सतना: शहर की व्यस्ततम मार्गों में शुमार स्टेशन रोड पर मंगलवार दोपहर एक बेकाबू कुरियर कंटेनर ने जमकर दहशत फैलाई। डीटीडीसी कुरियर सर्विस का मिनी कंटेनर चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सडक़ किनारे खड़े चार वाहनों को टक्कर मारते हुए आर्किटेक्ट आशीष जैन के ऑफिस में जा घुसा।हादसे में ई-रिक्शा चालक उमेश दहिया (30) और कियोस्क सेंटर के बाहर खड़ी क्षमा पाठक (22) घायल हो गए। दोनों को नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर कुरियर कंटेनर स्टेशन रोड से गुजर रहा था।
इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कंटेनर ने सडक़ किनारे खड़ी दो स्कूटी, एक स्पोर्ट्स बाइक और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद भी वाहन नहीं रुका और सीधे आर्किटेक्ट आशीष जैन के ऑफिस में जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सडक़ किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे में ई-रिक्शा चालक उमेश दहिया के पैर में चोट आई, जबकि कियोस्क सेंटर के बाहर मौजूद क्षमा पाठक भी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाया गया।
चालक पर हुई कार्रवाई
बताया गया कि मिनी कंटेनर रीवा से कुरियर डाक लेकर सतना पहुंचा था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक मोहम्मद शाहिद को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी कंटेनर क्रमांक सीजी 04 एमटी 0756 को जब्त कर लिया। मामले में चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। स्टेशन रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर हुए इस हादसे ने वाहन नियंत्रण और सडक़ किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
