
तेंदूखेड़ा/दमोह। शुक्रवार को एक 11 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों को आशंका है कि बालिका को किसी जहरीले जीव-जंतु ने काट लिया था, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम पूरा, थाना तेजगढ़ की है। बालिका सोमवती अहिरवार (11 वर्ष) शुक्रवार सुबह अपने भाई के साथ खेत गई थी। खेत से लौटने के बाद उसके पिता राजू अहिरवार ने उसे भोजन करने के लिए कहा। इसके बाद पिता सामान लेने दुकान चले गए, जबकि उसकी मां पड़ोस में बीड़ी बनाने गई हुई थी।
परिजनों के अनुसार, घर में मौजूद सोमवती ने जैसे ही भोजन का निवाला मुंह में रखा, उसके मुंह से झाग निकलने लगा और वह अचानक जमीन पर गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे उपचार के लिए पहले झलौन और बाद में तेंदूखेड़ा के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों और रिश्तेदारों का कहना है कि घटना दोपहर लगभग 2 बजे की है। उन्हें संदेह है कि बालिका को किसी जहरीले जीव ने काटा होगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
