नीमच:कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री मंदिर रोड स्थित राधा कृष्ण सामुदायिक भवन में आयोजित एक मुंडन संस्कार समारोह उस समय हिंसा और अफरा-तफरी में बदल गया, जब दो रिश्तेदारों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते बड़े विवाद में तब्दील हो गई। समारोह में मौजूद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, पत्थर तथा लात-घूंसे चले। घटना में करीब 5 से 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार भागेश्वर मंदिर क्षेत्र निवासी कन्हैयालाल पिता प्रभुलाल मेंदावत के पुत्र देव मेंदावत का मुंडन संस्कार कार्यक्रम शुक्रवार को राधा कृष्ण सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और चित्तौड़ सहित कई स्थानों से रिश्तेदार और मेहमान पहुंचे हुए थे। समारोह खुशी और उत्साह के माहौल में चल रहा था।
इसी दौरान कनावटी निवासी राजूलाल पिता नाथूलाल और कन्हैयालाल पिता भेरूलाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के अन्य लोग भी विवाद में कूद पड़े और सामुदायिक भवन परिसर रणभूमि में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। समारोह में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोग बीच-बचाव में भी चोटिल हो गए। हंगामे के चलते पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची, जहां देर रात तक शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई की प्रक्रिया चलती रही। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। सूत्रों के अनुसार थाने में भी दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया। फिलहाल कैंट थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
