पिपलियामण्डी: महू-नीमच हाईवे पर पिपलिया चौपाटी के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर एवं रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें 108 एम्बुलेंस की सहायता से मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11:30 बजे नीमच रोड स्थित चौपाटी क्षेत्र के पास हुआ। कार मंदसौर से नीमच की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि वाहन शराब दुकान से आगे पहुंचा ही था कि अचानक चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार डिवाइडर से टकराते हुए रेलिंग में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई और कार घूमकर मंदसौर दिशा की ओर मुड़ गई। हादसे में प्रतापसिंह (24) पिता ईश्वरसिंह एवं कालूसिंह (23) पिता मदनसिंह निवासी टोकड़ा, सुवासरा घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायलों ने सुवासरा जाने की बात कही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टोल प्लाजा पैरामेडिकल टीम के विशाल गिरीश भाटी, असिस्टेंट राहुल ब्रजवानी एवं पायलट मुकेश मालवीया ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को तत्काल मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।हादसे के बाद कुछ समय के लिए वाहन रुके, बाद में टोल की क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
