जनभागीदारी से जबलपुर बनेगा स्वच्छ सर्वेक्षण में नम्बर 1: निगमायुक्त

जबलपुर: जनभागीदारी से ही जबलपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण प्रतियोगिता में नम्बर 1 बनाया जा सकता है। शहर की रैंकिंग सुधारने में आम नागरिकों और ग्राहकों का सकारात्मक फीडबैक अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह बातें निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लक्ष्यों को प्राप्त करने और शहर को स्वच्छता के शिखर पर पहुँचाने के उद्देश्य से मानस भवन स्थित बोर्ड रूम में हुई बैठक में कहीं। बैठक में शहर के होटल, मेडिकल और बिल्डर एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया।

निगमायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी एसोसिएशनों से सिटीजन फीडबैक में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का आव्हान किया। बैठक में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए आश्वस्त किया कि जो ग्राहक स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत शहर के लिए सकारात्मक फीडबैक देंगे, उन्हें उनके बिल में 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। इस कदम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फीडबैक प्रक्रिया से जोडऩा है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने घोषणा की है कि वे अपने-अपने संस्थानों में आने वाले ग्राहकों और मरीजों को अपने स्तर पर विशेष रियायत व छूट देंगे, जो स्वच्छता फीडबैक के लिए प्रेरित करेगी। होटल एसोसिएशन ने शहर के 5 और मेडिकल एसोसिएशन ने 6 आर.आर.आर. सेंटरों के संचालन का जिम्मा उठाने का आश्वासन दिया। इन सेंटरों पर एसोसिएशन के सहयोग से पुरानी पुस्तकें, खिलौने, कपड़े और अन्य उपयोगी सामग्री दान करने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई गई।

जब कंधे से कंधा मिलाकर चलते है तब शहर स्वच्छता मॉडल बन उभरता हैनिगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी एसोसिएशनों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जब व्यावसायिक और सामाजिक संगठन प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं, तभी शहर स्वच्छता मॉडल के रूप में उभरता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रोत्साहनों से नागरिक फीडबैक की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी होगी। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक में अपर आयुक्त अरविन्द शाह, देवेन्द्र सिंह चैहान, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन एवं एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Next Post

अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड, नए मरीजों की भर्ती पर रोक

Tue May 5 , 2026
जबलपुर : बरगी बांध क्रूज हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जीवित बची महिला को उपचार के लिए गौर तिराहा स्थित नोबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां अस्पताल प्रबंधन ने लूट खसोट की। महिला से प्राथमिक उपचार देने के बाद शुल्क वसूल लिया । मामले में मुख्य […]

You May Like