नयी दिल्ली, (वार्ता) चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर एहतियात के तौर पर विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा, राजमुंद्री से जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर मंगलवार दोपहर से ही परिचालन रोक दिया गया है। विजयवाड़ा और राजमुंदरी में शाम सात बजे के बाद सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। बुधवार को दिल्ली-भोगापुरम-दिल्ली सेवा रद्द रहेगी।
एयर इंडिया कि दिल्ली-विशाखापत्तनम-दिल्ली (27 अक्टूबर) और दिल्ली-विजयवाड़ा-दिल्ली (28 अक्टूबर) रूट पर कुल छह उड़ानें रद्द की गई हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की 13 उड़ानें रद्द की गई हैं। इनमें मुख्य रूप से विशाखापत्तनम से हैदराबाद, बेंगलुरु और विजयवाड़ा के बीच की उड़ानें तथा वाराणसी-बैंकॉक और बैंकॉक-विशाखापत्तनम की उड़ानें शामिल हैं।
इंडिगो ने विशाखापत्तनम को आने-जाने वाली सभी उड़ानें रोक दी हैं। विजयवाड़ा और राजमुंदरी में 27 अक्टूबर को शाम सात बजे के बाद की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
अकासा एयर ने 28 अक्टूबर को दिल्ली-भोगापुरम और वापसी की उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।
अलायंस एयर की तरफ से अब तक कोई उड़ान रद्द नहीं की गई है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार देर रात बताया कि मौसम विभाग से मिली सूचना के अनुसार, चक्रवाती तूफान “अर्नब” के बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। इसमें हवा की गति 125-135 किमी प्रति घंटा और झोंकों की गति 150 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इसे देखते हुए मंत्रालय में स्थिति का जायजा लेने और विमानन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा (भुवनेश्वर सहित) से आने-जाने वाली उड़ानें सबसे अधिक प्रभावित हो सकती हैं। तूफान के रास्ते के आधार पर हैदराबाद, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में भी उड़ानों में देरी हो सकती है।
मंत्रालय ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट, ऐप, हेल्पलाइन या एसएमएस के जरिये अपनी उड़ान की स्थिति जांच लेने की सलाह दी है।
