छत्तीसगढ़ में 28 से 30 अक्टूबर तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना, कई संभागों में तेज हवाओं का पूर्वानुमान

रायपुर, 27 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में आगामी दिनों के दौरान मौसम की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। प्रदेश के बस्तर, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों में 28 से 31 अक्टूबर के बीच तेज हवाएं चलने तथा कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर की शाम बस्तर संभाग के दक्षिणी जिलों में लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, संभाग के उत्तरी जिलों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश होने का अनुमान है।

प्रदेश के मध्य हिस्सों में भी मौसम का व्यापक असर देखने को मिल सकता है। धमतरी जिले और आसपास के क्षेत्रों में 29 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसी दिन रायपुर और आसपास के इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों के साथ ही इनसे लगे बिलासपुर संभाग के पूर्वी जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

इसके बाद 30 अक्टूबर को बारिश का प्रभाव बिलासपुर और सरगुजा संभाग की ओर बढ़ने का अनुमान है। इस दौरान बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों तथा सरगुजा संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्टूबर को सरगुजा संभाग में हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इस प्रकार आगामी चार दिनों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों से लेकर उत्तरी क्षेत्रों तक अलग-अलग तिथियों में तेज हवाओं और वर्षा का प्रभाव रहने की संभावना है।

Next Post

चलती कार में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पांच युवकों पर आरोप

Tue Oct 27 , 2026
उज्जैन: चलती कार में युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म का मामला पुलिस के पास पहुंचा। युवती ने चार से पांच युवकों पर आरोप लगाया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।नानाखेड़ा थाने पर देर रात इंदौर की युवती पहुंची थी जिसकी […]

You May Like