माधवनगर में लकड़ी टाल संचालक चमनलाल और सतीश आनंद के यहां इनकम टैक्स की रेड, मचा हड़कंप

कटनी: शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। यह कार्रवाई शहर के जाने-माने लकड़ी टाल संचालक और स्थानीय राजनीति में सक्रिय चमनलाल आनंद तथा सतीश आनंद के यहां की जा रही है।

एक साथ कई ठिकानों पर दी दबिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का काफिला सुबह-सुबह अचानक आनंद बंधुओं के ठिकानों पर पहुंचा। अधिकारियों ने माधव नगर स्थित उनके दोनों लकड़ी टाल और रिहायशी आवास को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और इलाके में सनसनी फैल गई।

टैक्स चोरी से जुड़ा है मामला
प्रारंभिक सूचना के अनुसार,यह पूरी कार्रवाई बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और अघोषित आय से जुड़ी बताई जा रही है। आयकर विभाग की टीमें टाल और घर के अंदर रखे वित्तीय दस्तावेजों, बही-खातों, कंप्यूटर डेटा और बैंक लेन-देन की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही हैं। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि जांच में किसी तरह की बाधा न आए।

राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में हलचल
खास बात यह है कि चमनलाल आनंद और सतीश आनंद कटनी की स्थानीय राजनीति में भी काफी सक्रिय माने जाते हैं। जैसे ही शहर में इन दोनों प्रतिष्ठित कारोबारियों के यहां आईटी रेड की खबर फैली, राजनीतिक और व्यापारिक जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। कई व्यापारी और राजनीतिक लोग भी स्थिति का जायजा लेने के लिए सुगबुगाहट करते नजर आए।
फिलहाल आयकर विभाग की यह मैराथन कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की सही रकम और अन्य बड़े खुलासे सामने आने की उम्मीद है।

Next Post

म्यूल खातों से एक करोड़ के ट्रांजेक्शन का खुलासा, 11 पर केस दर्ज

Tue Oct 27 , 2026
इंदौर: साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर से उधर करने के मामले में विजय नगर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में छह बैंक खाते सामने आए हैं, जिनमें करीब एक करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन का पता चला है। पुलिस […]

You May Like