शिवाजी मार्केट में धंधा चौपट, दुकानें बंद करने की नौबत

इंदौर: शहर में कहीं ब्रिज निर्माण तो कहीं सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है. इसके साथ ही मेट्रो का काम भी जारी है. विकास कार्यों की रफ्तार तेज है, लेकिन इन विकास कार्यों की कीमत छोटे व्यापारियों और उनके कर्मचारियों को चुकानी पड़ रही है. नगर निगम के सामने शिवाजी मार्केट में सड़क निर्माण और रेलिंग के कारण कारोबार प्रभावित होने से रोजगार पर संकट गहरा गया है.

शहर में विकास जरूरी है, लेकिन क्या योजनाएं बनाते समय स्थानीय व्यापारियों के रोजगार का ध्यान रखा जा रहा है? नगर निगम के सामने स्थित शिवाजी मार्केट की मौजूदा स्थिति इस सवाल को खड़ा करती है. यहां मेट्रो स्टेशन के निर्माण के बीच मार्केट के सामने सड़क को करीब तीन फीट ऊंचा कर बनाया गया है, साथ ही लोहे की रेलिंग लगने से दुकानों तक पहुंचने की जगह बेहद सीमित रह गई है. दुकान और रेलिंग के बीच करीब डेढ़ फीट का अंतर बचा है.

इससे दुकानें ढंक गई हैं. यहां ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं. व्यापारियों के मुताबिक, कर्मचारियों का वेतन और दुकान का अन्य खर्च नहीं निकल पा रहा है. इन व्यापारियों के समक्ष दुकानें बंद करने तक की नौबत आ गई है. दिनभर में केवल 400-500 रुपए ही कमा पा रहे हैं. सवाल यह है कि बाजारों में विकास कार्यों के दौरान वैकल्पिक रास्ते, दुकानों तक पहुंच और रोजगार बचाने की व्यवस्था करना प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है क्या? आखिर विकास की कीमत छोटे व्यापारी कब तक चुकाएंगे?

यह बोले व्यापारी…

गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं बची. ग्राहक आ ही नहीं रहा है. 75 प्रतिशत व्यापार घट चुका है. पिछले पांच महीने से हम अपना घर कैसे चला रहे हैं, यह किसे बताएं.
– पवन यादव

निर्माण के समय हम सभी व्यापारी छोटे से लेकर आला अधिकारियों तक पहुंचे और उनसे इस संबंध में निवेदन किया, लेकिन किसी ने गुहार नहीं सुनी. अगर इसे ऊंचा नहीं करते तो कोई दिक्कत नहीं होती.
– शिवदत्त भावसार

पूरी तरह से दुकान ढांक दी, दुकान का माल कहां रखें. ग्राहक नहीं आ रहे. मेरी खुद की दुकान मुझे बंद करना पड़ी. अब लाखों रुपए का सामान कोड़ी के भाव बेचना पड़ेगा.
– अजित जैन

मार्केट में तकरीबन 128 दुकान हैं. इस निर्माण में कई दुकानें प्रभावित हुईं. दुकानों के कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं, जब व्यापार ही नहीं चल रहा तो दुकानदार उन्हें कहां से सैलरी देगा.
– प्रखर भावसार

Next Post

वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को INDIA गठबंधन की सभा, दिग्विजय सिंह ने BJP पर साधा निशाना

Tue Oct 27 , 2026
सारंगपुर। INDIA गठबंधन की 1 नवंबर को होने वाली सार्वजनिक सभा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ पूरे देश में चर्चा और माहौल बनाना जरूरी है। यह […]

You May Like