
सिंगरौली । आगामी त्योहारों के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए माड़ा पुलिस ने पिछले तीन दिनों में सघन कार्रवाई की। अभियान के दौरान 16 अवैध शराब विके्रताओं को पकड़कर 87 लीटर महुआ शराब और 28 पाव देशी प्लेन शराब जप्त की गई। वहीं तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक षियाज केएम सिंगरौली के निर्देशन में थाना प्रभारी माड़ा ने यह अभियान चलाकर पुलिस ने अलग-अलग गांवों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के मामलों में प्रकरण दर्ज किए। वहीं पुलिस ने स्थायी वारंटी विजय प्रताप सिंह पिता भगवान सिंह निवासी बड़गड़ एवं वसूली वारंटी राजेश कुमार शाह पिता लालजी शाह उम्र 35 वर्ष निवासी मलगो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इधर एक अन्य मामले में सुदामा बैस पिता अंबिका प्रसाद बैस निवासी बहेरिकला को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं एससी-एसटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना माड़ा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से की गई।
