

छतरपुर। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक हंगामा मच गया, जब प्रेम विवाह के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के कारण कुछ देर के लिए न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार, विवाद की जड़ लव मैरिज से जुड़ा कोई मामला बताया जा रहा है। दोनों पक्ष किसी सुनवाई या बातचीत के लिए कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तुरंत दोनों पक्षों को अलग किया और शांत करवाया। इसके बाद सभी संबंधित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए कोतवाली थाने ले जाया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भी तत्परता से बढ़ा दिया गया है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हों।
