मुंबई, 26 अक्टूबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सोमवार को 22 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.15 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 12 पैसे गिरकर 94.93 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
कारोबारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से आज रुपये को समर्थन मिला और यह मामूली तेजी के साथ खुला। हालांकि वाणिज्यिक बैंकों की तरफ से डॉलर की खरीद बढ़ने से रुपये पर दबाव रहा।
रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 94.92 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और 94.91 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। इसके बाद टूटता हुआ 95.26 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया। अंत में 95.15 रुपये प्रति डॉलर पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में आज गिरावट देखी गई जिससे रुपये की गिरावट कुछ कम रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल एक प्रतिशत टूटकर करीब 115.5 डॉलर प्रति बैरल पर है। घरेलू पूंजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों के 29.59 करोड़ डॉलर के शुद्ध निवेश से भी रुपये को समर्थन मिला।
वहीं, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.15 प्रतिशत की तेजी से भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा।
