
देवास। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दड़ में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने मौत बनकर सड़क पर कहर बरपाया। बेकाबू कार ने पहले दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मारी और फिर घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई। भीषण हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और वाहन में तोड़फोड़ की। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की भयावह तस्वीर कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार इंदौर के रेसकोर्स रोड क्षेत्र से रविवार को पिकनिक मनाने के लिए आए कार सवार ग्राम दड़ से गुजर रहे थे। इस दौरान ग्राम दड़ निवासी 80 वर्षीय शंकर पिता मोहन मंडलोई घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। 40 वर्षीय मनीबाई पति घनश्याम सोलंकी और देवनालिया निवासी 45 वर्षीय जमुनाबाई पति सोहन पास ही खड़ी थीं। सुबह करीब 10.30 बजे अचानक कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। तीनों को परिजन उपचार के लिए ले गए, लेकिन मौत हो गई। लोगों ने कार चालक धर्मेंद्र को पकड़ लिया। उत्तेजित लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया। बागली में डॉ. दिनेश सोलंकी ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। कार चालक इंदौर निवासी धर्मेंद्र जैन को भी चोट आई है।
